• 13 Oct, 2026

कैलाश दर्शन का रास्ता बंद

कैलाश दर्शन का रास्ता बंद

18,300 फुट की ऊंचाई पर बर्फ का पहरा, पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी के बाद आदि कैलाश यात्रियों के लिए लिपुलेख दर्रा बंद

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बाद आदि कैलाश यात्रियों के लिए 18,300 फुट की ऊंचाई पर स्थित पुराने लिपुलेख दर्रे को बंद कर दिया गया है। इसी स्थान से यात्री भारतीय सेना की अनुमति से तिब्बत में स्थित कैलाश पर्वत के दर्शन करते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

धारचूला स्थित आदि कैलाश यात्रा आधार शिविर के प्रभारी और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के अधिकारी धन सिंह बिष्ट ने कहा कि अच्छी शारीरिक स्थिति वाले यात्री पहले पुराने लिपुलेख दर्रे पर चढ़कर कैलाश पर्वत के दर्शन कर पाते थे, लेकिन बर्फ जमने के कारण रास्ता बंद हो गया है और वहां फिसलन बढ़ गई है।इस कारण सेना ने अगले आदेश तक दर्रे को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि हालांकि, आदि कैलाश यात्रा सुचारू रूप से चल रही है और तीर्थयात्री आदि कैलाश पर्वत के साथ-साथ नाभिढांग के पास स्थित 'ओम पर्वत' के भी दर्शन कर रहे हैं।