• 29 Jun, 2025

पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और बन गए राजस्थान के CM

पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और बन गए राजस्थान के CM

भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह राजस्थान में भी तमाम पुराने चेहरों को दरकिनार करते हुए मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी नई शख्सियत को दी है।भारतीय जनता पार्टी ने भजन लाल शर्मा को राज्य की कमान सौंपी है। यहां भी भाजपा ने दो डिप्टी सीएम बनाने का फैसला किया है।

राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के लिए बना सस्पेंस मंगलवार को भजन लाल शर्मा के नाम के साथ खत्म हो गया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के तमाम विधायकों की बैठक में इस नाम पर मुहर लग चुकी है। राजधानी नगर जयपुर में रह रहे भजन लाल शर्मा मूल रूप से भरतपुर के रहने वाले हैं। पार्टी ने सुरक्षित मानी जा रही जयपुर की सांगानेर विधानसभा से पहली बार चुनाव लड़ाया और पहली बार में ही वह न सिर्फ विधायक बने, बल्कि मुख्यमंत्री जैसे बड़े मुकाम तक पहुंच गए।
वसुंधरा राजे समेत कई बड़े नेता थे दौड़ में
अभी तक मुख्यमंत्री पद के लिए वसुंधरा राजे, किरोड़ी लाल मीणा, अर्जुन मेघवाल समेत कई बड़े नामों पर कयास लगाए जा रहे थे लेकिन भाजपा ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की तरह ही चर्चा से बाहर रहे नाम पर मुहर लगाई और पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा पर दांव खेला है।
यह फैसला जयपुर में तीन पर्यवेक्षकों के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई विधायक दल की बैठक में लिया गया। जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बैठक में विधायकों और केंद्रीय पर्यवेक्षकों के सामने शर्मा का नाम प्रस्तावित किया था।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी चौंकाया था
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा ने मुख्यमंत्री तय करने में सबको चौंकाया था। छत्तीसगढ़ में पार्टी ने जहां विष्णुदेव साय को तो मध्य प्रदेश में मोहन यादव को मुख्यमंत्री चुना है।
बता दें कि प्रदेश में 199 सीटों पर हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 115 सीटों पर जीत हासिल की थी। जबकि सत्ता से बेदखल हुई कांग्रेस के खाते में 69 सीटें आई थीं।

पॉलिटिकल साइंस में मास्टर हैं नए CM
मुख्यमंत्री की कुर्सी जैसा मुकाम पाने वाले भजन लाल शर्मा संघ और संगठन दोनों के करीबी माने जाते हैं। वह प्रदेश महामंत्री के तौर पर कार्य कर रहे हैं और राजस्थान में सामान्य वर्ग के रूप में एक मजबूत चेहरे को तौर पर जाना जाता है। भजनलाल शर्मा ने जयपुर स्थित राजस्थान यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में मास्टर डिग्री कर रखी है।

उठा था पैराशूटिया उम्मीदवार का विवाद
भाजपा ने सांगानेर सीट से सिटिंग एमएलए अशोक लाहौटी का टिकट काटकर भजन लाल शर्मा को दिया था। उन्हें चुनाव मैदान में उतारे जाने को लेकर कांग्रेस ने विवाद भी किया कि वह बाहरी हैं-पैराशूटिया उम्मीदवार हैं। बावजूद इसके भजन लाल शर्मा ने कांग्रेस के उम्मीदवार पुष्पेंद्र भारद्वाज को 48081 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी है।

इतनी संपत्ति के मालिक हैं, मगर देनदारी भी
विधानसभा चुनाव लड़ते वक्त नामांकन पत्र के साथ आयोग के पास जमा कराए गए एफिडेविट के अनुसार भजनलाल शर्मा कुल 1 करोड़ 46 लाख 56 हजार 666 रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उन्होंने पास 1 लाख 15 हजार रुपए नकद बताए थे, वहीं विभिन्न बैंक खातों में करीब 11 लाख रुपए जमा दिखाए। हालांकि इसी के साथ भजन लाल शर्मा पर 35 लाख रुपए की देनदारी भी है।