• 03 Sep, 2026

करोड़पति बनना है तो 5000 रूपए हर महीने निवेश करें

करोड़पति बनना है तो 5000 रूपए हर महीने निवेश करें

अगर सैलरी ₹45,000 है तो ₹9,000-10,000 बचाने की कोशिश करनी चाहिए। अगर इतना संभव न हो तो कम से कम ₹5,000 हर महीने निवेश करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

मुंबई / एडलवाइस म्यूचुअल फंड की एमडी और सीईओ राधिका गुप्ता अपनी फाइनेंशियल डिसिप्लिन के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने बताया कि आज वह अपनी टैक्स के बाद मिलने वाली सैलरी का करीब 90% हिस्सा म्यूचुअल फंड SIP में निवेश करती हैं। हालांकि, उनकी शुरुआत ऐसी नहीं थी। एक समय वह अपनी सैलरी से कुछ भी बचा नहीं पाती थीं।

राधिका गुप्ता ने युवाओं को सलाह दी कि पहली सैलरी से ही निवेश की आदत डालनी चाहिए। उनका कहना है कि अगर सैलरी ₹45,000 है तो ₹9,000-10,000 बचाने की कोशिश करनी चाहिए। अगर इतना संभव न हो तो कम से कम ₹5,000 हर महीने निवेश करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

उनके मुताबिक SIP निवेश में अनुशासन बनाने का आसान तरीका है। ऑटोमेटिक डेबिट के जरिए पैसा पहले ही निवेश हो जाता है और खर्च करने के बाद बचत करने की आदत से बचा जा सकता है। उन्होंने अपनी जर्नी बताते हुए कहा कि उन्होंने पहले 10%, फिर 20% और धीरे-धीरे अपनी पोस्ट-टैक्स सैलरी का 90% तक निवेश करना शुरू किया।

राधिका बच्चों के लिए भी कम उम्र से निवेश शुरू करने की सलाह देती हैं। उन्होंने अपने बेटे के सिर्फ 6 महीने का होने पर उसके नाम पर इक्विटी में निवेश शुरू किया था। उनका मानना है कि लंबी अवधि में कंपाउंडिंग का फायदा बच्चों के वित्तीय भविष्य को मजबूत कर सकता है।

हालांकि, राधिका गुप्ता सिर्फ ज्यादा बचत करने की सलाह नहीं देतीं। उनका कहना है कि जिंदगी केवल बड़ा बैंक बैलेंस या NAV बनाने की रेस नहीं है। मेहनत से कमाए पैसे का इस्तेमाल अपनी जिंदगी का आनंद लेने के लिए भी करना चाहिए।